अयोध्याउत्तर प्रदेशबड़ी खबर

रामलला के दरबार तक अब भक्तों की यात्रा होगी और अधिक सहज व दिव्य

  • भक्ति पथ, राम पथ, जन्मभूमि पथ के साथ ‘आस्था पथ’ बना आस्था का नया आयाम
  • अयोध्या में ‘आस्था पथ’ का भव्य निर्माण, रामायण काल की दिव्यता से जुड़ा आधुनिक नव निर्माण
  • राम गुलेला से श्रीराम जन्मभूमि तक श्रद्धा का सेतु, योगी सरकार की अयोध्या को समर्पित आस्था
  • 0.225 किमी लंबे मार्ग का निर्माण 5 करोड़ की लागत से अंतिम चरण में

अयोध्या। रामनगरी अयोध्या, जहां प्रभु श्रीराम ने जन्म लिया, उनके चरणों की पावन धूल से पवित्र यह भूमि अब एक नए स्वरूप में भक्तों का स्वागत कर रही है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अयोध्या के गौरव को पुन: स्थापित करने और श्रीराम भक्तों को सहज, सुरक्षित और भव्य अनुभव देने हेतु ‘आस्था पथ’ का निर्माण कराया है। यह मार्ग भक्ति पथ से राम गुलेला होते हुए सीधे श्रीराम जन्मभूमि पथ तक पहुंचता है, जो न केवल भौगोलिक रूप से बल्कि आध्यात्मिक दृष्टि से भी अयोध्या के हृदय को जोड़ता है। 0.225 किलोमीटर लंबा यह मार्ग लगभग 5 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित किया जा रहा है। यह मार्ग अब केवल एक सड़क नहीं, बल्कि श्रद्धा, संस्कृति और सनातन परंपरा का जीता-जागता प्रतीक बन चुका है।

रामायण काल की स्मृति, आधुनिक युग की सुविधा
रामायण के अनुसार, श्रीराम का जीवन त्याग, मयार्दा और लोक कल्याण का प्रतीक रहा है। जिस पथ पर प्रभु श्रीराम कभी माता कौशल्या के साथ चले होंगे, वही मार्ग आज ‘आस्था पथ’ के रूप में विकसित हो रहा है। यह मार्ग अतीत की सांस्कृतिक विरासत और वर्तमान की विकास दृष्टि का अद्वितीय संगम है। इस मार्ग के माध्यम से श्रद्धालु अब राम जन्मभूमि मंदिर तक और भी सहजता से पहुंच सकेंगे। जिस स्थान को देखने के लिए वर्षों तक प्रतीक्षा की गई, वह अब आधुनिकता और आस्था के समन्वय से सुसज्जित किया जा रहा है।

उच्च गुणवत्ता और भविष्य की दृष्टि से सुसज्जित निर्माण
12 दिसंबर 2023 को प्रारंभ हुए इस कार्य को लोक निर्माण विभाग खंड चार द्वारा तीव्र गति से पूरा किया जा रहा है। अधिशासी अभियंता शशि भूषण सिंह के अनुसार, मार्ग में यूटिलिटी डक्ट, ड्रेनेज, जलापूर्ति पाइप लाइन, सीसी मार्ग जैसे सुविधाजनक ढांचे पहले ही तैयार किए जा चुके हैं। बारिश के मौसम में जलभराव न हो, इसका विशेष ध्यान रखते हुए उन्नत ड्रेनेज सिस्टम डाला गया है। स्ट्रीट लाइटिंग और फर्नीचर जैसे सौंदर्यात्मक कार्य अंतिम चरण में हैं, जबकि फुटपाथ निर्माण हेतु स्वीकृति मिल चुकी है और यह कार्य भी अगस्त माह के अंत तक पूर्ण होने की संभावना है।

राम मंदिर से जुड़ता आस्था का नया अध्याय
श्रीराम जन्मभूमि मंदिर, जो अब भारत की आध्यात्मिक चेतना का केंद्र बन चुका है, से जुड़ने वाला यह पथ भक्तों के लिए ‘रामपथ’ के नव स्वरूप’ के रूप में स्थापित हो रहा है। यह केवल ईंट-पत्थरों से बना एक रास्ता नहीं, बल्कि हर उस श्रद्धालु की भावना का उत्तर है, जो वर्षों से रामलला के दर्शन हेतु सुविधाजनक यात्रा की प्रतीक्षा कर रहा था। योगी सरकार की यह पहल अयोध्या की धार्मिक गरिमा को नई ऊँचाई दे रही है। मंदिर निर्माण के साथ-साथ नगर की संरचना, साफ-सफाई, यातायात और पर्यटक सुविधा को भी एक समग्र दृष्टि से विकसित किया जा रहा है।

स्थानीयों व श्रद्धालुओं ने किया अभिनंदन
स्थानीय नागरिकों और देशभर से आने वाले श्रद्धालुओं ने इस परियोजना की भूरि-भूरि प्रशंसा की है। उनका कहना है कि अयोध्या अब न केवल धार्मिक नगरी के रूप में बल्कि एक आदर्श सांस्कृतिक और पर्यटन स्थल के रूप में विश्वपटल पर उभर रही है।

आस्था पथ: अतीत की प्रेरणा, भविष्य का मार्ग
यह मार्ग रामायण कालीन गौरव और आधुनिक भारत के निर्माण का ऐसा सेतु है, जो केवल अयोध्या को ही नहीं, समस्त भारतवर्ष को भावनात्मक रूप से जोड़ता है। यह मार्ग दशार्ता है कि जहां श्रद्धा होती है, वहीं विकास होता है। और जब नेतृत्व संकल्पित हो, तो इतिहास भी वर्तमान में उतर आता है।

PL News

PL News has a very strong and dedicated team of journalist, writers and content makers. This media house has proud to have eminent journalists on its board. Besides, PL News also have a team of efficient, young and dynamic budding journalists. What makes PL News unique is that it is established, run and administered by professional and highly dedicated journalists only.

संबंधित समाचार

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button