उत्तर प्रदेशबड़ी खबरलखनऊ

शेयर मार्केट में भारी गिरावट पर अखिलेश यादव ने सरकार को घेरा, लगाया यह आरोप

लखनऊ। समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा है कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सरकार की गलत नीतियों ने देश की अर्थव्यवस्था को तबाही के कगार पर पहुंचा दिया है। सपा मुखिया ने शनिवार को यहां कहा कि महंगाई, बेरोजगारी चरम पर है। शेयर बाजार गिर रहा है। शेयर मार्केट की भारी गिरावट से सबसे ज्यादा युवा निवेशक प्रभावित हुए है। देश के करोड़ों युवा निवेशकों को भारी नुकसान हुआ है। उनकी गाढ़ी कमाई निवेश करने के बाद बढ़ने के बजाय कम हो गयी।

उन्होंने कहा कि शेयर मार्केट में लगातार गिरावट के पीछे भ्रामक एप और शेयर की ख़रीद-फ़रोख्त करने वाले एक बड़े चालाक तंत्र का खेल है। ऐसे ‘स्टॉक माफ़िया’ लोग ख़रीदने पर भी कमाते हैं और बेचने पर भी, इन्हें निवेशकों के पैसे डूबने से कोई मतलब नहीं। इन जैसे शातिर लोगों से शेयर बाज़ार में नये निवेशकों के रूप में जुड़ी युवा पीढ़ी की निवेशित पूंजी को बचाना शेयर मार्केट से जुड़े सरकारी निगरानी तंत्र का काम होता है। यदि ऐसा करने में ये सरकारी तंत्र विफल है तो ऐसे निष्क्रिय और नाकाम तंत्र पर करोड़ों रुपए ख़र्च करने का क्या फ़ायदा, उसे तत्काल भंग कर देना चाहिए।

सपा नेता ने कहा कि शेयर मार्केट में गिरावट का असर अर्थव्यवस्था के हर क्षेत्र पर पड़ेगा। युवा पीढ़ी का ये नुक़सान ईएमआई पर लिये गये घरों और सामानों पर भी पड़ेगा और भुगतान न कर पाने की अवस्था में लोन देने वाले बैंक और फाइनेंस कंपनियाँ भी इस गिरावट की चपेट में आ जाएंगी। सरकार तुरंत कुंभकर्णी नींद से जागे और छह महीने से गिर रहे बाज़ार को बचाने के उपाय ढूंढे नहीं तो ये मान लिया जाएगा कि सरकार को बाज़ार चला रहा है, और सरकार पूरी तरह असफल हो चुकी है।

अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा सरकार नागरिकों को ‘ग्राहक’ समझकर उनका उत्पीड़न करना बंद कर दे व युवा और आम जनता के धन एवं निवेश का शोषण करने वालों को दंडित करे। सरकार अपनी ज़िम्मेदारी से भाग नहीं सकती, युवा पीढ़ी अपनी एक-एक पाई का हिसाब सरकार से लेकर रहेगी। उन्होंने कहा कि युवा अपनी मेहनत की कमाई को बहुत सोच-समझकर ही कहीं लगाएं और बहलाने-फुसलाने और लुभाने वालों के जुमलों से दूर रहें।

PL News

PL News has a very strong and dedicated team of journalist, writers and content makers. This media house has proud to have eminent journalists on its board. Besides, PL News also have a team of efficient, young and dynamic budding journalists. What makes PL News unique is that it is established, run and administered by professional and highly dedicated journalists only.

संबंधित समाचार

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button