देशबड़ी खबर

संजय सिंह की गिरफ्तारी ‘पूरी तरह अवैध’, यह PM मोदी की घबराहट को दर्शाती है: केजरीवाल

नई दिल्ली। दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने बुधवार को आम आदमी पार्टी (आप) के वरिष्ठ नेता संजय सिंह की गिरफ्तारी को ‘पूरी तरह से अवैध’ करार देते हुए दावा किया कि वर्ष 2024 के संसदीय चुनाव से पहले और अधिक विपक्षी नेताओं को गिरफ्तार किया जाएगा। प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने दिल्ली आबकारी नीति से जुड़े धन शोधन मामले के संबंध में बुधवार सुबह आम आदमी पार्टी (आप) के राज्यसभा सदस्य सिंह के घर पर छापा मारा और इसके बाद उन्हें गिरफ्तार कर लिया।

आप के राष्ट्रीय संयोजक ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘संजय सिंह की गिरफ्तारी पूरी तरह से अवैध है। यह (प्रधानमंत्री नरेन्द्र) मोदी जी की घबराहट को दर्शाता है। वे चुनाव तक कई और विपक्षी नेताओं को गिरफ्तार करेंगे।’’ इससे पहले दिन में, केजरीवाल ने सिंह के आवास पर ईडी की छापेमारी को उस पार्टी का ‘आखिरी हताशापूर्ण प्रयास’ करार दिया और कहा कि सत्तारूढ़ पार्टी को 2024 के लोकसभा चुनावों में हार की आशंका है। आम आदमी पार्टी (आप) के राष्ट्रीय संयोजक ने कहा कि ऐसे कई छापे पड़ेंगे लेकिन डरने की कोई बात नहीं है।

केजरीवाल ने दावा किया कि उनके खिलाफ हजारों छापे मारे गए हैं, लेकिन आज तक एक भी पैसा बरामद नहीं हुआ है। उन्होंने यह भी कहा कि सिंह के घर से भी कुछ नहीं मिलेगा। उन्होंने कहा, ‘‘भाजपा घबरा गई है। उसको लगता है कि वर्ष 2024 के आम चुनाव में उसे भारी हार का सामना करना पड़ेगा। ये एक हारने वाली पार्टी की आखिरी हताशापूर्ण कोशिशें हैं। कल यह कई पत्रकारों के साथ हुआ, अब यह संजय सिंह के साथ हो रहा है, जैसे-जैसे चुनाव नजदीक आएंगे, ऐसा कई लोगों के साथ होगा।’’

मुख्यमंत्री ने कहा कि जैसे-जैसे चुनाव नजदीक आएगा इस तरह की छापेमारी और बढ़ेगी। उन्होंने कहा, ‘‘चुनाव के नजदीक आते ही ईडी, सीबीआई, आयकर और पुलिस, सब सक्रिय हो जाएंगे। इस तरह के और छापे मारे जाएंगे। लेकिन डरने की जरूरत नहीं है।’’ दिल्ली के कैबिनेट मंत्री गोपाल राय ने भी इसी तरह के विचार व्यक्त किए और दावा किया कि छापे के पीछे लोकसभा चुनाव में हार का डर है।

उन्होंने कहा, ‘‘जिस तरह से तीन अक्टूबर को पत्रकारों को निशाना बनाया गया, वह सत्ता में बैठे लोगों के खिलाफ किसी भी आवाज को दबाने की कोशिश की ओर भी इशारा करता है, जो मेरे विचार से लोकतंत्र के खिलाफ है। भाजपा को लोगों पर भरोसा करना चाहिए। आवाजों को दबाने के लिए एजेंसियों का दुरुपयोग करने से चुनाव नहीं जीता जा सकता है, यह इतिहास बताता है।’’

राय की कैबिनेट सहयोगी आतिशी ने जोर देकर कहा कि भाजपा ‘आप‘ से डरती है। उन्होंने कहा, ‘‘मैं विश्वास के साथ कह सकती हूं कि 15 महीने से जारी जांच की तरह, संजय सिंह के घर, गांव या कार्यालय से भ्रष्टाचार का कोई भी सबूत नहीं मिलेगा, भले ही वे दस बार छापेमारी करें।’’ एक संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए दिल्ली के मंत्री सौरभ भारद्वाज ने कहा कि यह एक काल्पनिक घोटाला है जिसकी पिछले 15 महीनों से जांच चल रही है। आप की मुख्य राष्ट्रीय प्रवक्ता प्रियंका कक्कड़ ने छापेमारी को ‘प्रतिशोध’ की राजनीति करार दिया।

PL News

PL News has a very strong and dedicated team of journalist, writers and content makers. This media house has proud to have eminent journalists on its board. Besides, PL News also have a team of efficient, young and dynamic budding journalists. What makes PL News unique is that it is established, run and administered by professional and highly dedicated journalists only.

संबंधित समाचार

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button