खेल-खिलाड़ी

IND vs AUS : टीम ने परिस्थितियों से डटकर सामना नहीं किया, इंदौर टेस्ट में मिली हार के बाद रोहित शर्मा ने दिया बयान

इंदौर। भारतीय कप्तान रोहित शर्मा ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ तीसरे टेस्ट में नौ विकेट की शिकस्त को ‘एक असामान्य मैच’ करार देते हुए शुक्रवार को कहा कि उनकी टीम ने जज्बा और संघर्ष करने की क्षमता का प्रदर्शन नहीं किया। श्रृंखला में 0-2 से पिछड़ने और बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी को गंवाने के बाद ऑस्ट्रेलिया ने यहां के होल्कर स्टेडियम में स्पिनरों की मददगार पिच पर  यादगार जीत दर्ज करने के साथ विश्व टेस्ट चैम्पियनशिप (डब्ल्यूटीसी) फाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली।

रोहित ने मैच के बाद पुरस्कार समारोह में कहा, जब आप चुनौतीपूर्ण पिचों पर खेल रहे होते हैं तो एक ही जगह पर गेंदबाजी कर आप दबाव बना सकते है। हमने उनके गेंदबाजों को एक जगह गेंदबाजी करने दी। उनके गेंदबाजों को भी श्रेय मिलना चाहिये, खासकर नाथन लियोन को। हमें कोशिश करनी थी और जज्बा दिखाना था लेकिन मुझे लगता है कि हम ऐसा नहीं कर सके। लियोन ने दूसरी पारी में 64 रन देकर आठ विकेट चटकाये और ऑस्ट्रेलिया के लिए जीत का मार्ग प्रशस्त किया।

रोहित ने कहा, आपको एक असामान्य नतीजे वाला मैच मिल सकता है जहां चीजें आपके मुताबिक नहीं होती है। लेकिन फिर भी आपको खिलाड़ियों को एकजुट कर हौसला बढ़ाने की जरूरत होती है। उन्होंने कहा, हम चाहते थे कि कुछ खिलाड़ी क्रीज पर समय बिताये, लेकिन ऐसा नहीं हुआ। हम थोड़े पीछे रह गये और हमने खुद को उस तरह से लागू नहीं किया, जैसा हम चाहते थे। रोहित ने अहमदाबाद में चौथे टेस्ट के बारे में सोचना शुरू नहीं किया है।

उन्होंने कहा, ईमानदारी से कहूं तो हमने अभी तक इसके बारे में (अहमदाबाद टेस्ट) नहीं सोचा है। हमने अभी इस टेस्ट को समाप्त किया है इसलिए हमें फिर से एकजुट होने और प्रयास करने की आवश्यकता है। हमें यह समझने की जरूरत है कि एक टीम के रूप में सुधार करना होगा। ऑस्ट्रेलिया के कार्यवाहक कप्तान स्टीव स्मिथ जीत के लिए गेंदबाजों को श्रेय देते हुए कहा, हमारे गेंदबाजों ने वास्तव में अच्छा प्रदर्शन किया, विशेषकर (मैथ्यू) कुहनेमैन ने।

भारत ने हमारी पहली पारी के आखिर में अच्छी गेंदबाजी की जिससे हम जल्दी आउट हो गये। हमें कल कड़ी मेहनत करनी पड़ी, पूजी (पुजारा) ने अच्छी पारी खेली, लेकिन हमारे सभी गेंदबाजों ने वास्तव में अच्छा प्रदर्शन किया। यह एक पूर्ण प्रदर्शन था। स्मिथ नियमित कप्तान पैट कमिंस की जगह टीम का नेतृत्व कर रहे हैं। कमिंस दूसरे टेस्ट के बाद अपनी बीमार मां की देखभाल के लिए स्वदेश लौट गये।

स्मिथ ने कहा,  हम कमिंस के बारे में सोच रहे थे। हमारी दुआएं उसके साथ है। मैंने हालांकि इस सप्ताह का वास्तव में आनंद लिया। मुझे दुनिया के इस हिस्से में कप्तानी करना पसंद है। मुझे लगता है कि मैं बहुत सारी पेचीदगियों को समझता हूं। मैन ऑफ द मैच लियोन ने कहा, यह काफी उल्लेखनीय श्रृंखला रही है। लेकिन यहां आकर टीम का अच्छा प्रदर्शन करना काफी खास था।

मेरे पास हर तरह की कौशल और तरकीब नहीं हैं, लेकिन मैं अपने स्टॉक बॉल पर काफी विश्वास करता हूं। और मुझे लगता है कि यदि आपके पास वह है, तो आप सफलता प्राप्त कर सकते हैं। उन्होंने कहा,  मैं काफी भाग्यशाली रहा हूं कि मैंने विराट और पुजारा जैसे कुछ सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ियों को चुनौती दी। मुझे खुद को चुनौती देना पसंद है।

PL News

PL News has a very strong and dedicated team of journalist, writers and content makers. This media house has proud to have eminent journalists on its board. Besides, PL News also have a team of efficient, young and dynamic budding journalists. What makes PL News unique is that it is established, run and administered by professional and highly dedicated journalists only.

संबंधित समाचार

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button