ताज़ा ख़बरदेश

महंगाई और बेरोजगारी के कारण देश में बढ़ रही है नफरत : राहुल गांधी

नई दिल्ली। कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने रविवार को महंगाई और बेरोजगारी को लेकर केन्द्र सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि महंगाई और बेरोजगारी के डर के कारण लोगों में नफरत बढ़ रही है। नफरत से देश को फायदा नहीं होता, बल्कि इससे देश कमजोर ही होता है।

वायनाड से कांग्रेस सांसद राहुल गांधी आज दिल्ली के रामलीला मैदान में पार्टी द्वारा आयोजित ‘महंगाई पर हल्ला बोल’ रैली को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने रैली में मोदी सरकार पर चौतरफा हमला किया। कांग्रेस नेता ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और भाजपा पर भय और नफरत फैलाकर देश को कमजोर करने का आरोप लगाते हुए कहा कि देश में भविष्य का डर, महंगाई का डर और बेरोजगारी का डर बढ़ता जा रहा है। इसके कारण नफरत बढ़ रही है। नफरत से लोग बंटते हैं और देश कमजोर होता है। उन्होंने कहा कि इससे भारत को नहीं, बल्कि चीन और पाकिस्तान को फायदा होगा।

संसद में विपक्ष को बोलने का मौका नहीं देने का आरोप लगाते हुए कांग्रेस नेता ने कहा कि विपक्ष के पास सिर्फ जनता के बीच जाकर देश की सच्चाई बताने का ही विकल्प बचा है। यही कारण है कि कांग्रेस पार्टी सात सितंबर से ‘भारत जोड़ो यात्रा’ शुरू कर रही है जो लोगों से सीधे संवाद करने और उनके मुद्दों पर चर्चा करने में मदद करेगी। उन्होंने कहा कि केवल कांग्रेस ही देश को एकजुट कर सकती है और इसे प्रगति के पथ पर ले जा सकती है।

उन्होंने पिछले 7-8 साल में मोदी सरकार पर केवल दो बड़े उद्योगपतियों को लाभ पहुंचाने का आरोप लगाते हुए कहा कि वे दोनों प्रधानमंत्री के लिए और प्रधानमंत्री उनके लिए 24 घंटे काम कर रहे हैं। गांधी ने कहा कि देश में फैलाई जा रही इस नफरत और डर से सिर्फ ये दो उद्योगपति लाभान्वित हो रहे हैं और भाजपा उनके फायदे के लिए काम कर रही है। एयपोर्ट, पोर्ट, सड़कें, तेल सभी कुछ पर ये दो उद्योगपति कब्जा कर रहे हैं। देश के बड़े उद्योगपतियों का कर्ज माफ हो रहा है लेकिन किसानों की सुध लेने वाला कोई नहीं। उन्होंने कहा कि देश के हालात ऐसे हैं कि वह चाहे तो अपने युवाओं को रोजगार नहीं दे सकता।

गांधी ने यह भी आरोप लगाया कि तीन कृषि कानून किसानों की मदद के लिए नहीं बल्कि कुछ उद्योगपतियों को लाभ पहुंचाने के लिए लाए गए थे। उन्होंने कहा कि तीन कृषि कानूनों के खिलाफ अगर किसान सड़क पर नहीं आते तो यह सरकार किसानों को तबाह कर देती।

राहुल ने कहा कि मोदी सरकार छोटे व्यापारियों दुकानदारों को तंग कर रही है। यह सरकार लघु उद्योग को बहुत नुकसान पहुंचा रही है। उन्होंने कहा कि देश में बेरोजगारी अभी और बढ़ेगी। पेट्रोल, डीजल,रसोई गैस, दूध, दही हर चीज आम लोगों के बजट से बाहर हो रही है। राहुल ने कहा कि देश का आम नागरिक बहुत मुश्किल में है। जब इस मुद्दे को विपक्ष संसद में उठाता है तो उसे वहां बोलने नहीं दिया जाता। मोदी सरकार मीडिया को भी बोलने नहीं दे रही है। मीडिया अब उद्योगपतियों के हाथ में है। लेकिन जनता सब जानती है कि मीडिया किसके लिए काम कर रही है।

राहुल ने कहा कि देश की सत्ता दो उद्योगपति चला रहे हैं। पीएम मोदी बिना इनके सहयोग के सरकार नहीं चला सकते हैं। यह सरकार जांच एजेंसियों का गलत उपयोग कर रही है। राहुल ने कहा कि 55 घंटे उनसे ईडी ने सवाल किया लेकिन संविधान बचाने की इस लड़ाई में वह डटे रहेंगे और इस लड़ाई में देश के आम जनता को भी शामिल होना पड़ेगा।

राहुल ने कहा कि आज देश में दो हिन्दुस्तान हैं एक गरीबों का हिन्दुस्तान और दूसरा अमीरों का हिन्दुस्तान है। अमीरों के हिन्दुस्तान में कुछ चुनिंदे लोग ही हैं। राहुल ने कहा कि यूपीए ने किसानो के कर्ज माफ किए और मोदी सरकार ने तीन काले कानून दिए। यूपीए ने मनरेगा कानून लाकर गरीबों को सम्मान से जीने का हक दिलाया और मोदी सरकार ने इस योजना को बंद करने की कोशिश की।

राहुल ने कहा कि यूपीए ने 27 करोड़ लोगों को 10 सालों में गरीबी से बाहर निकाला और मोदी सरकार ने 23 करोड़ लोगों को गरीबी रेखा से नीच जीवन जीने पर मजबूर कर दिया। उन्होंने कहा कि देश में सबसे अधिक बेरोजगारी इस समय है लेकिन यह सरकार इन मुद्दों पर कुछ बोलने को तैयार नहीं है।

PL News

PL News has a very strong and dedicated team of journalist, writers and content makers. This media house has proud to have eminent journalists on its board. Besides, PL News also have a team of efficient, young and dynamic budding journalists. What makes PL News unique is that it is established, run and administered by professional and highly dedicated journalists only.

संबंधित समाचार

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button