खेल-खिलाड़ीताज़ा ख़बर

KKR vs DC: कुलदीप के कमाल से कोलकाता पस्त, दिल्ली ने 4 विकेट से हराया

आईपीएल के एक रोमांचक मुकाबले में आज दिल्ली कैपिटल्स ने कोलकाता नाइट राइडर्स को 4 विकेट से हरा दिया। 147 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी दिल्ली की टीम ने 6 विकेट के नुकसान पर इसे हासिल कर लिया। हालांकि दिल्ली कैपिटल्स के बल्लेबाजी भी लड़खड़ाती नजर आई। बावजूद इसके डेविड वार्नर, ललित यादव, अक्षर पटेल और रोमन पावेल की छोटी-छोटी पारियों की बदौलत दिल्ली ने कोलकाता को हराने में सफलता हासिल की।

दिल्ली की ओर से सबसे ज्यादा डेविड वॉर्नर ने 42 रनों की पारी खेली। दिल्ली को पहली ही गेंद पर झटका लगा था जब उमेश यादव ने पृथ्वी शॉ को शून्य पर आउट किया। कोलकाता की ओर से उमेश यादव ने 4 ओवर की गेंदबाजी में 24 रन देकर तीन विकेट चटकाए। जबकि सुनील नारायण ने सधी हुई गेंदबाजी की। इस जीत के साथ ही दिल्ली कैपिटल्स के पॉइंट टेबल में अब 8 अंक हो गए हैं। वहीं कोलकाता के लिए आगे की राह मुश्किल दिखाई दे रही है।

इससे पहले कुलदीप यादव की बलखाती गेंदों के कमाल से दिल्ली कैपिटल्स ने नितीश राणा की आकर्षक अर्धशतकीय पारी के बावजूद कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) को (आईपीएल) नौ विकेट पर 146 रन पर रोक दिया। बायें हाथ के कलाई के गेंदबाज कुलदीप ने तीन ओवर में 14 रन देकर चार विकेट लिये जबकि तेज गेंदबाज मुस्ताफिजुर रहमान (चार ओवर में 18 रन देकर तीन विकेट) ने उनका अच्छा साथ दिया। नितीश आठवें ओवर में तब क्रीज पर उतरे जब स्कोर चार विकेट पर 35 रन था। उन्होंने 34 गेंदों पर तीन चौकों और चार छक्कों की मदद से 57 रन बनाये।

नितीश ने इस बीच कप्तान श्रेयस अय्यर (37 गेंदों पर 42) के साथ 48 और रिंकू सिंह (16 गेंदों पर 23) के साथ 62 रन की साझेदारी की। केकेआर के केवल यही तीन बल्लेबाज दोहरे अंक में पहुंचे। केकेआर ने टॉस हारने के बाद शीर्ष क्रम के बल्लेबाजों को भी गंवाने में देर नहीं लगायी। आठवें ओवर में उसका स्कोर था चार विकेट पर 35 रन। पावरप्ले में केवल 29 रन बने और बीच दोनों सलामी बल्लेबाज आरोन फिंच (तीन) और वेंकटेश अय्यर (छह) पवेलियन लौटे। फिंच की वापसी सुखद नहीं रही। वह एलबीडब्ल्यू होने से बचे, उनका कैच छूटा लेकिन बायें हाथ के तेज गेंदबाज चेतन सकारिया (17 रन देकर एक विकेट) ने इनस्विंगर पर इस आस्ट्रेलियाई बल्लेबाज की गिल्लियां बिखेरकर उन्हें जीवनदान का फायदा नहीं उठाने दिया।

वेंकटेश ने अक्षर पटेल (28 रन देकर एक) की गेंद स्वीप करने के प्रयास में आसान कैच दिया। कुलदीप ने आठवें ओवर में गेंद थामी तथा पदार्पण कर रहे बाबा इंद्रजीत (छह) और सुनील नारायण (शून्य) को लगातार गेंदों पर आउट किया। इसके बाद जब वह 14वें ओवर में दूसरे स्पैल के लिये आये तो उन्होंने इस ओवर में श्रेयस और खतरनाक आंद्रे रसेल (शून्य) को अपनी बलखाती गेंदों का मजा चखाकर केकेआर की वापसी की उम्मीदों पर पानी फेरा। श्रेयस ने नितीश के साथ पांचवें विकेट के लिये 48 रन की साझेदारी की। उन्होंने इस बीच पारी संवारने पर ध्यान दिया और चार चौके लगाये जबकि नितीश ने ललित यादव पर 13वें ओवर में पारी का पहला छक्का लगाया।

पंत ने हालांकि श्रेयस का नीचा रहता कैच लिया और फिर बड़ी खूबसूरती से रसेल को स्टंप आउट किया। पंत का कुलदीप के बजाय ललित को 17वां ओवर देने का फैसला हालांकि सही नहीं रहा। नितीश ने इस ओवर में दो छक्कों की मदद से 17 रन बटोरे। इसमें कमर से ऊंचाई की एक नोबॉल भी शामिल है जिसके लिये पंत को अंपायर से बातचीत करते हुए भी देखा गया। नितीश ने शार्दुल ठाकुर की गेंद पर छक्का जड़कर 30 गेंदों पर अर्धशतक पूरा किया। मुस्ताफिजुर ने अपने तीनों विकेट पारी के आखिरी ओवर में लिये जिनमें रिंकू सिंह और नितीश के विकेट भी शामिल हैं। इस ओवर में केवल दो रन बने।

PL News

PL News has a very strong and dedicated team of journalist, writers and content makers. This media house has proud to have eminent journalists on its board. Besides, PL News also have a team of efficient, young and dynamic budding journalists. What makes PL News unique is that it is established, run and administered by professional and highly dedicated journalists only.

संबंधित समाचार

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button